दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, नो पार्किंग से वाहन उठाए, NH से हटाए भारी वाहन
दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इंदिरा मार्केट में नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की। राष्ट्रीय राजमार्ग से भारी वाहन हटाए गए, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाया गया और ट्रांसपोर्ट संचालकों को चेतावनी दी गई।

दुर्ग। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात पुलिस दुर्ग ने नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस के साथ संयुक्त विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग से भारी वाहन हटाने, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने और आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पहुंचाने जैसी कई कार्रवाई की गई।
इंदिरा मार्केट में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर यातायात जोन दुर्ग लाया गया। इसके बाद वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को हटवाकर संबंधित वाहन चालकों के ई-चालान किए गए। पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से दुर्घटना की आशंका बढ़ती है और यातायात भी प्रभावित होता है।
डबरापारा और हथखोज क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों व वाहन मालिकों को मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत चंद्रा-मौर्या से सुपेला चौक तक सर्विस रोड पर नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाया गया। इससे सड़क पर यातायात सुगम बनाने और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
इसके अलावा नगर निगम की सहायता से सड़क पर घूम रहे गौवंश को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
