हॉली-डे पैकेज का झांसा देकर लाखों की ठगी, संचालक समेत टीम फरार

हॉली-डे पैकेज का झांसा देकर लाखों की ठगी, संचालक समेत टीम फरार

भिलाई में हॉली-डे पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। क्लब रिजनोट टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी पर आरोप है कि उसने आकर्षक पैकेज और गिफ्ट वाउचर का लालच देकर लोगों से रकम वसूली और फिर ऑफिस बंद कर फरार हो गई। मामले में स्मृति नगर थाना पुलिस जांच कर रही है।

स्मृति नगर थाना क्षेत्र के जुनवानी स्थित एक कंपनी के खिलाफ लोगों ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि क्लब रिजनोट टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी ने पांच साल के हॉली-डे पैकेज का ऑफर देकर लोगों को सदस्य बनाया। इसके बदले एक से डेढ़ लाख रुपए तक वसूले गए। कंपनी ने हर साल पांच ट्रिप और कई सुविधाएं देने का दावा किया था।

पीड़ितों के अनुसार शुरुआत में कंपनी की ओर से गिफ्ट वाउचर और आकर्षक ऑफर देकर भरोसा दिलाया गया। बाद में जब लोग पैकेज की जानकारी और बुकिंग के लिए ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत में कई पीड़ितों ने लाखों रुपए जमा करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर में भी कंपनी का नेटवर्क फैला हुआ था। अब इन सभी शाखाओं के बंद होने की जानकारी सामने आई है।