पशु तस्करी पर कार्रवाई: फरार आरोपी गिरफ्तार, अब तक 3 आरोपी पकड़ाए

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में विजयनगर चौकी पुलिस ने पशु तस्करी मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार चौकी विजयनगर में दर्ज अपराध क्रमांक 40/26 के तहत 2004 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 7 मार्च 2026 की रात विजयनगर पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर मेघुली क्षेत्र से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए कन्हर नदी के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन रात और घने जंगल का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।

हालांकि खेत में सिंचाई कर रहे स्थानीय ग्रामीणों ने अपने गांव के एक सहयोगी को पहचान लिया। पूछताछ में आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने मौके से 9 मवेशियों को बरामद किया।
मामले में फरार चल रहे आरोपी खुर्शीद निवासी मेघुली, चौकी विजयनगर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पहले गिरफ्तार आरोपी क़ासिम हुसैन ने भी पूछताछ में उसकी संलिप्तता की पुष्टि की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में विजयनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 13 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
