भिलाई की पॉश कॉलोनी में बड़ी चोरी, बंद मकान से 50 लाख के जेवर-नकदी पार
नेहरू नगर पश्चिम में वारदात, शादी में गए थे घर वाले… लौटे तो टूटा मिला ताला

भिलाई: सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पश्चिम में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दिनदहाड़े से देर रात के बीच घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई।

जानकारी के मुताबिक मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ भतीजी की शादी में अम्रपाली सोसायटी गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। रात करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और 45 से 50 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। परिजनों का कहना है कि कुल नुकसान इससे भी ज्यादा हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की है। बताया जा रहा है कि मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और आसपास भी निगरानी का पुख्ता इंतजाम नहीं था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

