भिलाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

भिलाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनसे लाखों रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, 30 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग हुंडई वेन्यु कार में घूम-घूमकर नेहरू नगर, सुपेला चौक और पावर हाउस क्षेत्र में मोबाइल के जरिए आईपीएल मैच (आरसीबी बनाम गुजरात टाइटन्स) पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर छावनी पुलिस ने वैकुण्ठ धाम गेट, गौरव पथ रोड, कैम्प-02 भिलाई के पास घेराबंदी कर वाहन समेत आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी पवन कुमार यादव और मयंक गणवीर ने सट्टा संचालन की बात कबूल की। इनके बयान के आधार पर नमन गुप्ता और नीलकंठ कोसरे उर्फ नीलू को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म आईडी के जरिए सट्टा लगवाते थे और व्हाट्सएप पर हिसाब-किताब रखते थे। अवैध कमाई को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि जब्त पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड अन्य लोगों के नाम पर हैं, जिनका उपयोग बिना उनकी जानकारी के सट्टा लेनदेन में किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

आरोपी का नाम :

1. पवन कुमार यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी न्यू संतोषी पारा, कैम्प-02 भिलाई

2. मयंक गणवीर, उम्र 23 वर्ष, निवासी प्रगति नगर, रिसाली

3. नमन गुप्ता, उम्र 26 वर्ष, निवासी स्मृति नगर, सुपेला भिलाई

4. नीलकंठ कोसरे उर्फ नीलू, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बरहापुर, धमधा