एकता जनकल्याण फाउंडेशन ने कामगार महिलाओं का किया सम्मान


भिलाई। मजदूर दिवस के अवसर पर सेक्टर-6 स्थित कालीबाड़ी परिसर में एकता जनकल्याण फाउंडेशन द्वारा कामगार महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में घरों में बर्तन, पोछा तथा दुकानों में कार्यरत लगभग सौ से अधिक महिलाओं को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने सभी कामगार महिलाओं को श्रीफल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य समाज में कार्यरत इन महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और उनका मनोबल बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शुरू फाउंडेशन की सोनाली महादेवन और शपथ फाउंडेशन की रश्मि सागर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरण भोसले ने की।

एकता जनकल्याण फाउंडेशन की संस्थापक पिंकी सिन्हा के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में फाउंडेशन की सदस्य कुसुम घोष, टीकेश्वरी साहू एवं मानसी सरकार का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन जीवनदान सेवा संस्था के अध्यक्ष योगेश मानिकपुरी ने किया। इस अवसर पर पिंकी सिन्हा ने कहा कि एकता जनकल्याण फाउंडेशन हमेशा से जनहित और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें। पिंकी सिन्हा ने सभी कामगार महिलाओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।


