चाकू अड़ाकर महिला से सोने के मंगलसूत्र लूटने वाले दो बालक पकड़े गए
झीट-खुड़मुड़ी मेन रोड पर वारदात के बाद रायपुर के भांटागांव में मिले दोनों, लूट का सोना, मोबाइल, बाइक और चाकू बरामद

दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला के गले में चाकू अड़ाकर सोने के मंगलसूत्र लूटने वाले दो विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 की शाम प्रार्थिया अपनी सहेली के साथ ग्राम झीट के नया क्रिकेट मैदान से काम कर वापस घर लौट रही थी। पेट्रोल पंप के पास मेन रोड पर पहुंचने के दौरान पाटन की ओर से मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे। उन्होंने रास्ते में मोटरसाइकिल रोककर महिला को घेर लिया। पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर चाकू उसके गले पर अड़ा दिया और सोने का मंगलसूत्र लूटकर दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 114/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की लगातार पतासाजी की।
थाना अमलेश्वर और सायबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर रायपुर के भांटागांव में घेराबंदी कर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार दोनों को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार नग सोने की गोल बूंदें, दो नग सोने के लॉकेट, विवो Y15s मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QW 3855 और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बालक मोटरसाइकिल से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। रास्ते में रोककर चाकू दिखाकर डराने-धमकाने के बाद सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत:
• चार नग सोने की गोल बूंदें: ₹35,000
• दो नग सोने के लॉकेट: ₹20,000
• विवो Y15s मोबाइल: ₹10,000
• हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल: ₹50,000
• घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद
