जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण में बेहतर काम करने वाले 22 पुलिसकर्मी सम्मानित
एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र और कैश इनाम देकर बढ़ाया पुलिसकर्मियों का हौसला, घायलों की मदद से लेकर वारंटियों की गिरफ्तारी और हथियारबंद आरोपियों पर कार्रवाई में निभाई अहम भूमिका

दुर्ग। जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले दुर्ग पुलिस के 22 अधिकारी-कर्मचारियों और नगर सेना सैनिकों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं कैश इनाम देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई कर लोगों की मदद करने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्ग पुलिस के मुताबिक, पुलिसकर्मियों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को सुरक्षित बचाने, यातायात बाधाएं दूर करने और यातायात नियमों के पालन के लिए चलाए गए विशेष अभियान में उल्लेखनीय कार्य किया गया। 28 अगस्त 2026 को हाईवे-3 पर ऑटो पलटने से घायल हुए पांच लोगों को यातायात पुलिसकर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया था। इसी दिन खारून नदी के पास आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को भी पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा विशेष ई-चालान और चेकिंग अभियान के दौरान 107 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्रवाई की गई। भोपाल और धमतरी से स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी और विभिन्न घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करने वाली टीमों को भी सम्मानित किया गया।
21 अप्रैल 2026 को अग्निकांड के दौरान आग बुझाने और जन-माल की सुरक्षा में योगदान देने वाले आरक्षक राकेश देशमुख और नगर सेना सैनिक राकेश सिंह को सम्मान मिला। वहीं भोपाल और धमतरी से स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिनेश सेनी, हिमांशु सिंह और प्रदीप निर्मलकर को भी प्रशस्ति पत्र और कैश इनाम दिया गया। थाना नेवई की टीम को भी धारदार हथियार के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सम्मानित किया गया। इस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक जयप्रकाश खाण्डेकर, हेमंत देव, प्यारे लाल साहू, सुमित उईके और खेललाल यादव शामिल रहे। टीम ने 5 अगस्त 2026 को दुर्ग-रिसाली रोड के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की थी।
इसी तरह थाना सुपेला और डायल-112 की टीम को भी सम्मानित किया गया। 14 सितंबर 2026 को श्याम चौक, हिमालय कॉम्प्लेक्स के पास धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपी की सूचना मिलने पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा और वैधानिक कार्रवाई की। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में यातायात पुलिस के अमित मिश्रा, अमित शुक्ला, फिरोज खान, ललित कुमार, कुलभूषण साहू, उमाकांत वर्मा, चंद्रशेखर साहू और विजय शर्मा शामिल हैं। दुर्ग पुलिस का कहना है कि ऐसे सम्मान से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
