जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र में श्रमिकों का सम्मान और सुरक्षा संदेश के साथ मनाया गया विश्व श्रमिक दिवस


भिलाई। जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी गेट मीटिंग से हुई, जहां श्रमिकों ने नाटक के माध्यम से सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर शपथ दिलाई गई और श्रमिकों के बीच मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम में संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों को पुरस्कृत कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि संयंत्र में श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और प्रत्येक माह की पहली तारीख को श्रमिकों की सहभागिता से विशेष बैठक आयोजित की जाती है।

मई दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उपसंचालक श्री मनीष कुंजाम के मार्गदर्शन में संयंत्र में सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एकाउंट्स विभाग में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर उससे निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इस दौरान आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल में संयंत्र की सुरक्षा एवं सेफ्टी टीम, मानव संसाधन विभाग और ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर की मेडिकल टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। टीम ने अपनी तत्परता और समन्वय के जरिए आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसका अवलोकन उपसंचालक मनीष कुंजाम द्वारा किया गया।

इस अवसर पर संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, उपसंचालक मनीष कुंजाम, मानव संसाधन प्रमुख मनीष तिवारी, संतोष कुमार लेंका, मिलन अहीर, डॉ. अमित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक उपस्थित रहे।
