भिलाई के इस कॉलेज में JEE मेन्स परीक्षा में नकल का हाईटेक खेल, चप्पल में छिपा मोबाइल पकड़ाया, बदली चाल से खुला राज

भिलाई। भिलाई में जेईई मेन्स परीक्षा के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया है। परीक्षार्थी ने मोबाइल फोन को चप्पल के अंदर छिपाकर परीक्षा केंद्र में ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसकी चाल ने ही पूरा राज खोल दिया। शिकायत के बाद पुरानी भिलाई थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
घटना 2 अप्रैल को पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में आयोजित जेईई मेन्स परीक्षा के दौरान की है। प्रथम पाली में शामिल परीक्षार्थी आदित्य कुमार सुबह निर्धारित समय पर केंद्र में पहुंचा। एंट्री के दौरान उसकी मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, लेकिन उसने पहले ही चप्पल उतार दी थी, जिससे शक नहीं हुआ।

बायो ब्रेक के बाद हुआ खुलासा
परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षार्थी सुबह 11:08 बजे बायो ब्रेक के लिए वाशरूम गया और करीब 20 मिनट बाद लौटा। वापसी के समय भी उसने जांच से पहले चप्पल उतार दी। लेकिन इस बार उसकी चाल पर गार्ड को शक हो गया। वह चप्पल घसीटते हुए चल रहा था। सुरक्षा गार्ड ने तुरंत उसे रोककर चप्पल की जांच की। जांच में पता चला कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया गया था।

तुरंत दी गई सूचना
मामले की जानकारी तुरंत परीक्षा केंद्र के अधिकारियों को दी गई, जिनमें कमांडिंग ऑफिसर और ऑब्जर्वर शामिल थे। प्रबंधन के निर्देश पर पुलिस को सूचना दी गई और डायल 112 के जरिए टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पुरानी भिलाई थाना ले गई, जहां उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
