बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, 4 संदिग्ध गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन, बड़े नेता और भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाना था निशाना, पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े तार

बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, 4 संदिग्ध गिरफ्तार

लखनऊ/एजेंसी। राजधानी लखनऊ में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी विस्फोट और आगजनी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स और आईएसआई से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे बाहरी निर्देशों पर काम कर रहे थे।

रेलवे स्टेशन था पहला टारगेट
एटीएस के अनुसार, आरोपियों का पहला निशाना लखनऊ रेलवे स्टेशन था। इसके अलावा गाजियाबाद और अलीगढ़ में भी हमलों की योजना थी। समय रहते कार्रवाई कर एटीएस ने बड़ी घटना टाल दी।

ट्रेनों को निशाना बनाने की साजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपी रेलवे सिग्नल बॉक्स उड़ाकर ट्रेनों को पटरी से उतारने या आपस में टकराने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा गैस सिलेंडर से भरे ट्रकों और प्रमुख संस्थानों में आगजनी कर अफरातफरी फैलाने की भी साजिश थी।

नेताओं की भी की थी रेकी
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रदेश के कई बड़े नेता आरोपियों के निशाने पर थे। आरोपियों ने कुछ नेताओं के नाम बताए हैं और उनकी रेकी करने की बात स्वीकार की है।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कट्टरपंथी सोशल मीडिया ग्रुप्स से जुड़े थे, जिनमें ओसामा बिन लादेन के नाम से जुड़े अकाउंट और “गजवा-ए-हिंद” जैसे समूह शामिल हैं। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए धार्मिक उन्माद फैलाने और साजिश को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।