ब्रेकडाउन वाहन को पुलिस की मदद, बहाना बनाकर सड़क रोकने वालों पर सख्ती

दुर्ग, 19 अगस्त 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड और शहर की सड़कों पर ब्रेकडाउन वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष निगरानी और सहायता व्यवस्था शुरू की है। पिछले 15 दिनों में यातायात पुलिस ने 216 ब्रेकडाउन वाहनों को आवश्यक सहायता देकर सड़क से सुरक्षित हटाया, वहीं बिना उचित कारण वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 1960 वाहनों और चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच रही पुलिस
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
ब्रेकडाउन की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचती है। पुलिस वाहन चालक की समस्या सुनने के साथ वाहन की स्थिति का आकलन और सत्यापन करती है। वास्तविक तकनीकी खराबी या आकस्मिक परिस्थिति होने पर वाहन को सड़क से सुरक्षित हटाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
ब्रेकडाउन के बहाने सड़क रोकने पर कार्रवाई
यातायात पुलिस की जांच में कई बार वाहन खराब होने के बजाय अन्य कारणों से सड़क पर खड़े मिले। इनमें डीजल खत्म होना, चालक का मौके पर उपलब्ध नहीं होना तथा बिल्टी या दस्तावेज के लिए इंतजार करना जैसे मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ऐसे मामलों में यदि ब्रेकडाउन का बहाना बनाकर जानबूझकर मार्ग अवरुद्ध किया जाता है तो संबंधित वाहन चालक या मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
15 दिनों में 2176 पर कार्रवाई
पिछले 15 दिनों की कार्रवाई के अनुसार:216 ब्रेकडाउन वाहनों को सहायता देकर सड़क से सुरक्षित हटाया गया। 1960 वाहनों और चालकों के खिलाफ यातायात बाधित करने पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक तकनीकी खराबी या आकस्मिक परिस्थिति में वाहन चालक को पुलिस की मदद मिलेगी, लेकिन जानबूझकर सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वास्तविक ब्रेकडाउन होने पर तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें। बिना उचित कारण सड़क पर वाहन खड़ा न करें और यातायात व्यवस्था को बाधित करने से बचें।
