सीरियल साइको किलर गिरफ्तार, छह महिलाओं की हत्या कबूला

सौतेली मां के सितम और पत्नी के दूसरे व्यक्ति से शादी करने के बाद महिलाओं से करने लगा था नफरत

सीरियल साइको किलर गिरफ्तार, छह महिलाओं की हत्या कबूला

बरेली। पुलिस ने शाही और शीशगढ़ इलाके में महिलाओं की हत्या करने वाले सीरियल साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुलदीप गंगवार नवाबगंज इलाके का रहने वाला है। उसने 6 महिलाओं की हत्या की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार सौतेली मां के सितम और पत्नी के दूसरे व्यक्ति से शादी करने के बाद कुलदीप महिलाओं से नफरत करने लगा था। इसी वजह से वह वारदातें कर रहा था। उम्मीद है कि अब शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में फैली दहशत पर लगाम लग जाएगी।

बरेली के शाही क्षेत्र में एक के बाद एक महिलाओं की हत्या का शासन ने संज्ञान लिया तो पुलिस ने तकनीक के प्रयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी। आरोपी न तो मोबाइल फोन का प्रयोग करता था, न ही सड़क मार्ग से निकलता था। ऐसे में उसे मुखबिरी से ही पकड़ा जा सका। 

सिरफिरे को पकड़ने के लिए पुलिस ने शाही के इर्द-गिर्द 25 किमी इलाके में 1500 सीसीटीवी कैमरे लगवाए। इनमें से 600 कैमरे तो एक खास दायरे में उन स्थानों पर लगाए गए, जहां से आवाजाही ज्यादा रहती है। आसपास के मोबाइल टावरों के रेंज में आने वाले 1.5 लाख मोबाइल नंबरों का डाटा निकाला।

खेतों के बाहर महिलाओं की चप्पल आदि देखकर यह अंदाजा लगाता था कि महिला अकेली है या कोई और भी साथ है। वह मोबाइल फोन भी नहीं रखता था। इसलिए वह सीसीटीवी, सर्विलांस और प्रमुख रास्तों पर लगे बैरियर की जद में कभी आया ही नहीं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने अनीता देवी की हत्या के बाद घटनास्थल का मुआयना कर यह समझ लिया कि हत्या किसी ऐसे ही सिरफिरे ने की है। इसके बाद ही उन्होंने मुखबिर तंत्र पर ज्यादा जोर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।