बंद मकानों की रेकी, ताला तोड़कर चोरी: वैशाली नगर पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को पकड़ा
सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद; वैशाली नगर, कैंप, राजीव नगर समेत अन्य क्षेत्रों में वारदातों का खुलासा


भिलाई। बंद और सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का वैशाली नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर, अन्य सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2026 समेत अन्य चोरी के मामलों की जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और चोरी के सामान को खपाने वाले संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान मिले सुरागों के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने दिन और रात के समय बंद अथवा सुनसान मकानों की रेकी करने और ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी किए जाते थे।
मई से जुलाई तक कई वारदातों का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मई 2026 में स्कूल के सामने स्थित एक मकान से सोने की कान बाली, चांदी की बिछिया, पायल और करधन चोरी किया था। इसके अलावा कैंप और राजीव नगर क्षेत्र के मकानों को भी निशाना बनाया गया।
जून और जुलाई में भी आरोपियों ने बंद मकानों में चोरी की वारदातें कीं। इन घटनाओं में सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल, बिछिया, करधन, नकदी, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी किया गया।
ज्वेलर्स के पास बेचते थे चोरी के आभूषण
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सामग्री और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है।
पूछताछ में सुपेला और आसपास के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। इन मामलों में आरोपियों की भूमिका और बरामदगी को लेकर विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद अनीस खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी जेपी नगर, संजय कबाड़ी के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
श्रीनिवास शाह, उम्र 35 वर्ष, निवासी शारदा पारा, जेपी चौक, श्रवण किराना के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
मोहम्मद इरशाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी सां-अवंती बाई चौक, अंबेडकर नगर, सिरसा रोड, कोहका, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
एम. चिन्ना राव, उम्र 54 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 19, स्टीलनगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
शमीन बेगम उर्फ सोना, उम्र 42 वर्ष, निवासी जेपी नगर, संजय कबाड़ी के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अपराध करने का तरीका
गिरोह पहले बंद और सुनसान मकानों की रेकी करता था। मकान के खाली होने की पुष्टि के बाद ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया जाता था। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया जाता था। चोरी के आभूषण अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री का विस्तृत विवरण प्रकरण की जप्ती पत्रक और विवेचना अभिलेख में दर्ज है।
