नौकरानी से दुष्कर्म करने वाले बीएसपी कर्मी पर अपराध दर्ज

नौकरानी से दुष्कर्म करने वाले बीएसपी कर्मी पर अपराध दर्ज

भिलाई। भट्ठी पुलिस ने महिला की शिकायत पर सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। वहीं बीएसपी कर्मी की शिकायत पर महिला और एक अन्य के खिलाफ अवैध वसूली का केस दर्ज किया है। वसूली वाले प्रकरण की कायमी रायपुर के सिविल लाइन थाने में जीरो पर दर्ज होकर भट्ठी थाने पहुंची है। जबकि वसूली की जानकारी लगते ही महिला ने बीएसपी कर्मी के खिलाफ भट्ठी थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक दोनों मामले में जांच के बाद गिरफ्तारी होगी।
पुलिस के मुताबिक कैंप- 1 निवासी 45 वर्षीय महिला की शिकायत पर सेक्टर-1 निवासी नारायण राव के खिलाफ धारा 376 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी के घर पर नौकरानी का काम करती थी। वर्ष 2019 से 2021 के बीच आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए हैं।
इधर,बीएसपीकर्मी की शिकायत पर कैंप 1 निवासी महिला और उसकी एक अन्य सहेली के खिलाफ धारा 384 और 34 का केस दर्ज किया गया है। बीएसपी कर्मी ने पुलिस को बताया है कि महिला और उसकी सहेली झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग कर रही थी। परेशान होकर वह भिलाई छोड़कर रायपुर चला गया था। इसके बाद उसने रायपुर के सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया।