पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग युवक ने दी जान, तीन आरोपी पकड़े गए

दुर्ग। गया नगर में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर पत्नी और उसके परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक विशाल गुप्ता (30 वर्ष), निवासी गया नगर वार्ड क्रमांक 04 ने 11 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के साथ मृतक के मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो सामने आया, जिसमें उसने पत्नी और उसके परिवार द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही।

जांच में मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का पाया गया, जिसके बाद धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को 29 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी तनु उर्फ मोहनी गुप्ता (25 वर्ष), उसका भाई शिवा गुप्ता (19 वर्ष) और मामा कृष्ण कुमार गुप्ता (50 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, जिसमें मोबाइल फोन शामिल है, भी जब्त कर लिए हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
