भिलाई में ‘निश्चय निरामय’ 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत, टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित

भिलाई में ‘निश्चय निरामय’ 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत, टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित

भिलाई। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, सुपेला में ‘निश्चय निरामय’ 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग डॉ. मनोज दानी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मुक्त समाज की दिशा में जागरूकता और उपचार को और मजबूत करना है। इस मौके पर टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए, ताकि उनके पोषण स्तर में सुधार हो सके।

कार्यक्रम में एरिया कोऑर्डिनेटर, मितानिन ट्रेनर और मितानिनों को घर-घर सर्वे के लिए फॉर्म वितरित किए गए। सभी को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र के शत-प्रतिशत घरों का सर्वे पूरा किया जाए, जिससे टीबी के संभावित मरीजों की पहचान समय पर हो सके।

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज, प्रभारी चिकित्सालय डॉ. पी.एम. सिंह सहित कई चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। टीबी विभाग की टीम और मितानिनों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते समय पर जांच और नियमित इलाज किया जाए। यह अभियान आने वाले 100 दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें जागरूकता, जांच और उपचार पर विशेष जोर रहेगा, ताकि जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।