निगम की सख्ती, सीलिंग से पहले ही पंजाब बार ने भरा 2.25 लाख का बकाया

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की सख्ती अब असर दिखाने लगी है। न्यू बस स्टैंड स्थित पंजाब बार को सील करने पहुंची निगम टीम की कार्रवाई से पहले ही संचालक ने पांच वर्षों से लंबित अनुज्ञा शुल्क 2 लाख 25 हजार रुपये मौके पर ही जमा कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब बार द्वारा पिछले पांच सालों से लाइसेंस शुल्क जमा नहीं किया गया था। निगम प्रशासन ने इस संबंध में तीन बार नोटिस भी जारी किए, लेकिन संचालक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

लगातार अनदेखी के बाद आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम की लाइसेंस शाखा और राजस्व विभाग की टीम सीलिंग की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही बार संचालक में हड़कंप मच गया और कार्रवाई से बचने के लिए उसने तुरंत पूरा बकाया जमा कर दिया।

निगम प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई साफ संकेत है कि अब बकायादारों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निगम की आय से जुड़े मामलों में सभी को समय पर कर और शुल्क जमा करना होगा, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक चंदन मनहरे सहित निगम का अमला मौके पर मौजूद थे।