रायपुर जा रही कार से 54 लाख की चांदी बरामद, दो हिरासत में

रायपुर जा रही कार से 54 लाख की चांदी बरामद, दो हिरासत में

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में अवैध परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर वाहन जांच के दौरान एक कार से लाखों रुपये की चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, रायपुर की ओर जा रही कार (CG 04 PY 7882) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 21.089 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

कार में सवार दो व्यक्तियों विरेन्द्र प्रधान (50) और टिकेश कुमार साहू (38) से जब इन आभूषणों के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को धारा 94 BNSS के तहत नोटिस जारी किया।

कार्रवाई के दौरान गवाहों की मौजूदगी में चांदी के आभूषण और कार को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा से रायपुर आ रहे थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आभूषण कहां से लाए गए थे और उनका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।