संख्या बल के अनुसार प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर एकजुट हुआ यादव समाज, दुर्ग में वार्षिक अधिवेशन संपन्न


दुर्ग। दुर्ग जिला ठेठवार यादव महासभा का वार्षिक अधिवेशन सामाजिक एकजुटता और प्रतिनिधित्व की मांग के संदेश के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में समाज प्रमुखों ने स्पष्ट कहा कि यादव समाज संख्या बल के हिसाब से राजनीतिक और प्रशासनिक प्रतिनिधित्व चाहता है और इसके लिए संगठित रहना जरूरी है। कार्यक्रम में सामाजिक विकास, शिक्षा और भागीदारी को लेकर गंभीर चिंतन किया गया। समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, वहीं अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यादव समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श आज भी समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने समाज से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विशेष अतिथि पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि यादव समाज एक सशक्त समाज है, जो संगठित होकर अपने अधिकारों की बात मजबूती से रख सकता है। प्रांतीय ठेठवार यादव महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष गुलेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने मंत्रीमंडल में यादव समाज को प्रतिनिधित्व दिया है, इसके लिए सरकार का आभार है। लेकिन आयोग, निगम और मंडलों में अब तक समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। उन्होंने मांग की कि संख्या बल के आधार पर इन संस्थाओं में भी यादव समाज को प्रतिनिधित्व दिया जाए।

सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु और राज अध्यक्ष राजकुमार यादव ने समाज को संगठित रहने पर जोर दिया। भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य जीत हेमचंद यादव और राजा यादव ने भी एकता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष रिवेन्द्र यादव ने सामाजिक एकता पर विस्तार से विचार रखे, जबकि प्रांतीय प्रवक्ता रोमशंकर यादव ने शिक्षा और समाज के हर वर्ग की भागीदारी को जरूरी बताया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सबका ध्यान खींचा। सुमित यादव और उनकी टीम ने भजन प्रस्तुति दी। दिव्यांग कलाकार विवेक यादव सहित समाज के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। अंजल नरेश यादव ने रंगोली के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक आकृति बनाई। अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश यादव, कार्यकारी अध्यक्ष गोविंदा लखन यादव, महिला अध्यक्ष अहिल्या यादव, भिलाई नगर अध्यक्ष नरेन्द्र यदु सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में दुर्ग जिले के ठेठवार यादव समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही।

