पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने नए युग का सूत्रपात किया: अखिलेश सोनी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने नए युग का सूत्रपात किया: अखिलेश सोनी

भिलाई। भाजपा जिला भिलाई ने जनसंघ के संस्थापक सदस्य, राष्ट्रभक्त, साहित्यकार और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती संगोष्ठी के रूप में मनाई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की।

 कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बृजेश बिचपुरिया, वीरेंद्र साहू, महेश वर्मा, शिरीष अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष खिलावन साहू, प्रदेश मंत्री श्रीमती तुलसी साहू सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।  भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रवाद और अंत्योदय की विचारधारा को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

सोनी ने कहा कि उपाध्याय जी राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानते थे और उन्होंने एकात्म मानववाद की विचारधारा दी, जिसमें स्वदेशी, लघु उद्योग और सांस्कृतिक समरसता पर बल था।  इस मौके पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भाजपा जिला भिलाई ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं और रक्तदान में भिलाई जिला ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।  कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू ने किया और आभार प्रदर्शन जिला मंत्री विजय जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।