इस अपराधी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित
स्कूल जा रही नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का किया था प्रयास

जशपुर। पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपए का इनाम घोषित किया है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय यादव उर्फ बंटी यादव (28 साल) मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2021 को एक नाबालिग लड़की स्कूल जा रही थी। आरोपी ने उसका अपहरण कर झाड़ी में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। एक वृद्ध व्यक्ति के वहां से गुजरने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366(क), 376, 511, 354 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 व 18 के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी की जानकारी या गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 5000 रुपए के इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।