कार्यालय में अनुपस्थित दो कर्मचारियों को आयुक्त ने थमाया नोटिस

एक कर्मचारी का हुआ प्रमोशन तो दो बड़े अधिकारियों के विभाग बदले

कार्यालय में अनुपस्थित दो कर्मचारियों को आयुक्त ने थमाया नोटिस

भिलाई। कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे कभी भी विभागों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, कार्यालयीन अवधि में गायब कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। दिन शनिवार एवं रविवार को अवकाश होने एवं कार्यालय दिवस में समय प्रात: 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक के समय के अधिसूचना जारी होने के साथ ही आयुक्त सक्रियता से कभी भी औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी तारतम्य में आज आयुक्त ने प्रात: 10 बजे मुख्य कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करना प्रारंभ किया। दो कर्मचारी जो कि बिना कारण के अनुपस्थित थे उन्हें शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। यह कर्मचारी बिना सक्षम स्वीकृति के ऑफिस से अनुपस्थित मिले। भवन अनुज्ञा शाखा से 2 कर्मचारी शाहबाज अहमद उप अभियंता व उमेश कोरी भृत्य बिना सक्षम स्वीकृति के अवकाश पर चले गए। इन दोनों ही कर्मचारियों को निगमायुक्त ने शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। औचक निरीक्षण में सर्वप्रथम स्टेनो कक्ष से उन्होंने शुरुआत की और उपायुक्त कक्ष, संपत्तिकर विभाग, टैक्स कलेक्शन काउंटर, राजस्व विभाग, जन्म मृत्यु एवं लोक सेवा गारंटी के कार्यों के लिए स्थापित काउंटर, भवन अनुज्ञा विभाग, अभियंता कक्ष, स्वास्थ्य विभाग, जन सूचना विभाग, सचिवालय, राजस्व विभाग, लेखा विभाग, कंप्यूटर शाखा, स्थापना विभाग, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन एवं भवन संधारण सहित तमाम विभागों का भी कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर निरीक्षण किए। 
एक कर्मचारी का हुआ प्रमोशन तो दो बड़े अधिकारियों के विभाग बदले भिलाई निगम में कार्यरत स्टेनो टाइपिस्ट संजय शर्मा को स्टेनोग्राफर ग्रेड 3 के पद पर आयुक्त ने पदोन्नत किया है, इसी के साथ ही इनके वेतनमान में भी परिवर्तन हुआ है। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारू रूप से संपादन के लिए कार्यपालन अभियंता टी.के. रणदिवे को मुख्य कार्यालय से जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ किया गया है तथा सहायक अभियंता अनिल सिंह जो राजस्व विभाग में पदस्थ थे उन्हें भी जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर में सहायक अभियंता के पद पर आयुक्त ने पदस्थ किया है।