कोमा में हैं दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले, नहीं काम कर रहे कई अंग, हालत नाजुक

कोमा में हैं दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले, नहीं काम कर रहे कई अंग, हालत नाजुक

मुम्बई (एजेंसी)। दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले की हालत में सुधार नहीं हो रहा। अभिनेता को इस वक्त वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी पत्नी व्रुषाली गोखले ने मीडिया हाउस को अभिनेता के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया कि  बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ी और वह कोमा में चले गए। व्रुषाली ने यह भी बताया कि अभिनेता के विभिन्न अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। बता दें कि विक्रम गोखले पांच नवंबर से पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती हैं।
व्रुषाली ने बताया कि "वह कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। हम जब उन्हें छू रहे हैं, तब भी उनका शरीर कोई रिस्पॉन्स नहीं दे रहा है। अब डॉक्टर गुरुवार की सुबह तय करेंगे कि आगे क्या करना है। जब उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था तब उनकी सेहत में थोड़ा सुधार आया था, लेकिन तबीयत फिर खराब होने लगी। उन्हें दिल और किडनी जैसी कई समस्याएं हैं। फिलहाल, उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।" वहीं अभिनेता के मित्र राजेश दामले ने बताया कि 'विक्रम गोखले की हालत गंभीर है। वह पिछले 24 घंटे से संघर्ष कर रहे हैं। उन्हें मल्टीपल आॅर्गन फेलियर का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर अपने स्तर पर पूरी कोशिश कर रहे हैं।'