फ्रैक्चर हाथ के साथ कैदी फरार, प्रहरी सस्पेंड

नाबालिग लड़की की अपहरण केस में मिली थी 10 साल की सजा

फ्रैक्चर हाथ के साथ कैदी फरार, प्रहरी सस्पेंड

बिलासपुर। जिला अस्पताल में इलाज करा रहा कैदी प्रहरी को चकमा देकर भाग गया। दरअसल, कैदी बाथरूम में फिसल कर गिर गया था, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए 12 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके भागने के बाद सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले प्रहरी को सुप्रींटेंडेंट ने सस्पेंड कर दिया है। वहीं, पुलिस केस दर्ज कर फरार कैदी की तलाश में जुट गई है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी मनोज नायक ने बताया कि रायगढ़ धरमजयगढ़ निवासी ललित रात्रे (30) को कोर्ट ने नाबालिग लड़की के अपहरण केस में दस साल की सजा सुनाई थी। वह 2017 के पहले जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती उपजेल में था। 31 अक्टूबर 2017 को कोर्ट से सजा सुनाने के बाद उसे सेंट्रल जेल बिलासपुर में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद से वह यहीं सजा काट रहा था।