मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में विस्फोटक, आर्म्स-एम्यूनेशन और नक्सली सामान बरामद

मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में विस्फोटक, आर्म्स-एम्यूनेशन और नक्सली सामान बरामद

कांकेर। जिले में फिर से पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई है। जवान बड़ी संख्या में नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना पर गए थे। उसी दौरान माओवादियों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी फायरिंग का जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और 2 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मामला सिकसोड़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, DRG के जवान रविवार रात ही कडमे गांव के जंगलों में नक्सलियों के छिप होने की सूचना पर निकल गए थे। इस बीच सोमवार सुबह 3 बजे के आस-पास नक्सली जवानों पर फायरिंग करने लगे। जवानों ने भी जबरदस्त फायरिंग की। जिसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले। बताया गया है कि आधे घंटे तक दोनों तरफ से फायरिंग चलती रही। फिर जब नक्सली जंगल की ओर भागे, तब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें 2 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ की पुष्टि SP शलभ सिन्हा ने की है। जानकारी मिली है कि जो नक्सली मारे गए हैं। वो दोनों ही बड़े कैडर के नक्सली थे। इसमें से एक नक्सली की पहचान दर्शन पद्दा के रूप में हुई है। वो परतापुर एरिया कमेटी सचिव एवं उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी सदस्य के रूप काम कर रहा था। इसके अलावा एक और नक्सली की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। जवानों ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक, आर्म्स-एम्यूनेशन और नक्सली सामान बरामद किया है।