एक राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान अमर थी, अमर है और आगे भी अमर रहेगी- राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिया अपना पहला अभिभाषण

एक राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान अमर थी, अमर है और आगे भी अमर रहेगी- राष्ट्रपति मुर्मू

नईदिल्ली (एजेंसी)। आज से संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई है।  राष्ट्रपति मुर्मू ने आज संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपना पहला अभिभाषण दिया। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण के दौरान सरकार की कई उपलब्धियों की चर्चा कीं। उन्होंने केंद्र सरकार को निडर और देशहित को सर्वोपरि रखने वाली सरकार बताया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि शांति तभी संभव है, जब आप राजनीतिक और सैन्य रूप से सक्षम होंगे, इसलिए भारत अपनी सैन्य शक्ति को भी आधुनिक करने पर जोर दे रहा है। पूरी दुनिया इस वक्त भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। भारत का लोकतंत्र हमेशा से समृद्ध था। एक राष्ट्र के रूप में भारत की पहचान अमर थी, अमर है और आगे भी अमर रहेगी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम मुश्किल लक्ष्य रखें और उन्हें हासिल कर के दिखाएं। जो पूरी दुनिया के देश करने की सोच रहे हैं, उसे हम भारतवासी पहले कर के दिखाएं। आइए अपने लोकतंत्र को समृद्ध करते हुए हम अपने संकल्पों पूरा करें।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अफगानिस्तान और यूक्रेन जैसे देशों में संकट में फंसे अपने नागरिकों को वापस लेकर आए हैं। भारत ने आतंकवाद को लेकर जो कड़क रुख अपनाया है, उसे भी आज दुनिया समझ रही है। इसलिए आतंक के विरोध में भारत की आवाज को हर मंच से गंभीरता से सुना जा रहा है। यूएन में भी भारत ने आतंकवाद पर अपनी भूमिका को स्पष्ट किया है। साइबर सुरक्षा की चिंताओं को भी सरकार पूरी दुनिया के सामने रख रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सुगम्य योजना से भारत के दिव्यांगों को लाभ हुआ है। भारत में सरकार की योजनाओं का असर वृहद हुआ है। आज युवा इनोवेशन में ताकत दिखा रहे हैं। देश में स्टार्टअप की संख्या 90 हजार के पार हो गई है। अग्निवीर योजना से भी युवाओं को फायदा होगा। सरकार ने 2014 से 2022 तक 60 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज खोले हैं। 2014 के बाद से छात्रों के लिए ग्रैजुएट और पोस्ट ग्रैजुएट सीटें दोगुनी हो चुकी हैं। देश में इस दौरान पांच हजार से ज्यादा खोले गए हैं। इसी प्रकार फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर के कई रिकॉर्ड बने हैं। पीएम ग्राम सड़क योजना में नौ वर्षों में सड़कों का नेटवर्क दोगुना हो गया। देश की 99 प्रतिशत बस्तियां सड़क मार्ग से जुड़ चुकी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आज अंडमान निकोबार में हमने सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज को सम्मान दिया था। हाल ही में मेरी सरकार ने नेताजी पर भव्य म्यूजियम का उद्घाटन भी किया है। परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर अंडमान के द्वीपों का नामकरण भी किया है। आज हमारी नौसेना को भी छत्रपति शिवाजी महाराज का प्रतीक दिया गया है। अब देश में आधुनिक संसद भवन भी बन रहा है। एक तरफ हम आदि शंकराचार्य, भगवान बसवेश्वर, गुरुनानक देव जी के दिखाए रास्तों पर बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ भारत टेक्नोलॉजी का हब भी बनता जा रहा है। आज भारत अपनी पुरातन विधाओं को पूरी दुनिया में पहुंचा रहा है, तो वहीं फार्मेसी आॅफ द वर्ल्ड बन कर दुनिया की मदद भी कर रहा है।