चंदनडीह में जलभराव से रायपुर-दुर्ग हाईवे पर थमी रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन

कुम्हारी ओवरब्रिज के पास पानी भरने से यातायात प्रभावित, भारी वाहनों समेत रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग

चंदनडीह में जलभराव से रायपुर-दुर्ग हाईवे पर थमी रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन

दुर्ग। रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पानी भरने के चलते वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है और हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।

स्थिति को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर रायपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

राजनांदगांव की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर जाने की सलाह दी गई है।

वहीं बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव एम, मोतीपुर और अमलेश्वर का मार्ग निर्धारित किया गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव के रास्ते रायपुर जाने की सलाह दी गई है।

इसी तरह भिलाई और भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।

दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर निकलने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। संभव हो तो निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।

पुलिस ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।