बीएसपी में दर्दनाक हादसा: पुशर कार की चपेट में आने से ठेका मजदूर की मौत

भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार की चपेट में आने से 45 वर्षीय ठेका मजदूर विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे पुशर कार-2 के पास हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार ठेका कंपनी साईकॉन में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि पुशर कार के ऑपरेट नहीं होने के कारण वे कार के नीचे जाकर कपलिंग, बेल्ट और अन्य हिस्सों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुशर कार चल पड़ी और वे उसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर को संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। उनके शरीर के हिस्से मशीन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। वहीं ट्रेड यूनियन इंटक और बीएमएस के नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मृतक विनोद कुमार दुर्ग जिले के उतई के बजरंग नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बंद बताई जा रही पुशर कार अचानक कैसे चल पड़ी, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
