18 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 586 पदों पर होगी भर्ती

10वीं-12वीं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग पास युवाओं के लिए मौका, 7 निजी कंपनियां लेंगी भर्ती

18 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 586 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अच्छा अवसर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में 18 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला शासकीय आईटीआई दुर्ग के प्रांगण में आयोजित होगा।

इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 7 नियोजकों द्वारा कुल 586 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों के लिए भर्ती की जाएगी।

रोजगार पंजीयन जरूरी

इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी पोर्टल और छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से उपलब्ध रिक्तियों और पदों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। योग्य अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से संबंधित पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

मूल दस्तावेज लेकर पहुंचें

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 18 अगस्त को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शासकीय आईटीआई दुर्ग के प्रांगण में उपस्थित होना होगा। रिक्त पदों और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट  www.erojgar.cg.gov.in और छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष क्रमांक 0788-2323504 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।