ड्राई डे पर अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस का ऑपरेशन विश्वास, 12 गिरफ्तार

10 ठिकानों पर दबिश, 302 पौवा शराब और 2.15 लाख के 5 वाहन जब्त

ड्राई डे पर अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस का ऑपरेशन विश्वास, 12 गिरफ्तार

दुर्ग। ड्राई डे के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने थाना दुर्ग, मोहन नगर, पद्मनाभपुर, उतई और चौकी अंजोरी क्षेत्र में 10 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 302 पौवा अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे 3 मोटर साइकिल, एक स्कूटी और एक ई-रिक्शा, कुल 5 वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत 2.15 लाख रुपये है। शराब बिक्री से संबंधित रकम भी प्रकरणवार जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार 1 और 2 अक्टूबर को मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों की पहचान कर पुलिस टीमों ने घेराबंदी और दबिश की। मौके से पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों को बेच रहे थे। मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित स्थानों पर कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में ध्रुवराम पारधी, यशवंत देशलहरे, लोमेन्द्र कुमार, दाबीराम ढीमर, मिथलेश ढीमर, खरी चोथू, प्रकाश सारथी, अलताफ हुसैन, गजानंद चंदेल, मनीष मांडले, गोपाल तेलभुलकर और राजू मांझी शामिल हैं।