रुवाबांधा तालाब के पास 1.26 किलो गांजा जब्त, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

भिलाई नगर पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, ₹1.20 लाख का गांजा और मोबाइल बरामद

रुवाबांधा तालाब के पास 1.26 किलो गांजा जब्त, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रुवाबांधा बस्ती तालाब के पास गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना भिलाई नगर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 1 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि रुवाबांधा बस्ती तालाब के ऊपर एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान हरि देशमुख (20 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, कुंदरा पारा, गौरा चौरा के पास, थाना दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे में रखी पुरानी बोरी के अंदर प्लास्टिक में लिपटा गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।