प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल हुए समाज के छात्र-छात्राएं, विधायक ललित चंद्राकर बोले: प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल हुए समाज के छात्र-छात्राएं, विधायक ललित चंद्राकर बोले: प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा मोर्चा की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन झाडूराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और करियर के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न, तैयारी की रणनीति और परीक्षा में सफलता के लिए जरूरी बातों की जानकारी दी गई। इसके बाद प्रतिभागियों की परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा की अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर, कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख, गिरीश हरमुख, कुबेर देशमुख और विद्यालय के प्राचार्य रामकुमार दुबे सहित समाजजन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं आज के समय में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं से मेधावी विद्यार्थियों को अपनी क्षमता परखने का अवसर मिलता है और वे प्रशासनिक सहित विभिन्न सेवाओं में आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने युवा मोर्चा की पहल की सराहना करते हुए समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

वहीं प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं ने बताया कि उन्हें पहली बार प्रतियोगी परीक्षा के पैटर्न को समझने और अपनी तैयारी को परखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे UPSC, PSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए और अधिक प्रेरित हुए हैं।