एसएसपी के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, टीआई लाइन अटैच; क्राइम टीम से 4 हटाए, 3 की एंट्री

भिलाई। एसएसपी के आदेश की अनदेखी और शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करना भट्टी थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। एसएसपी विजय अग्रवाल ने भट्टी थाना प्रभारी प्रकाश कांत को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह अब निरीक्षक दिलेर सिंह चंद्रवंशी को भट्टी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एसएसपी के आदेश की अनदेखी करने और फरियादियों की शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं करने के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है। भट्टी थाना क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने और लगातार शिकायतें मिलने की बात भी सामने आई है। इधर, क्राइम टीम में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक चार आरक्षक को क्राइम टीम से हटाकर थाने भेजा गया है, जबकि तीन आरक्षकों की एसीआईयू में एंट्री हुई है। क्राइम टीम से हटाए गए आरक्षकों में आरक्षक पकंज उर्फ पंकज वर्मा, चेतनराज ठाकुर, राजकुमार चंद्रा और स्मृति नगर चौकी प्रभारी का नाम सामने आया है। वहीं एसीआईयू में प्रमुख आरक्षक पंकज वर्मा समेत तीन आरक्षकों को शामिल किए जाने की जानकारी है।

बड़ा सवाल अपराध पर लगाम का
एसएसपी की इस कार्रवाई को बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने और पुलिसिंग को और ज्यादा प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर भट्टी थाना क्षेत्र से मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस विभाग में यह फेरबदल अहम माना जा रहा है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने साफ संकेत दिया है कि शिकायतों पर कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधों के नियंत्रण में पुलिस की भूमिका की लगातार समीक्षा की जाएगी।
