540 लीटर अवैध डीजल तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, सस्ता डीजल लाकर महंगे दाम पर बेचता था
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना पुलिस ने 540 लीटर अवैध डीजल तस्करी मामले में एक और आरोपी जाफर हुसैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर डीजल लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक दाम पर बेचता था।

बलरामपुर-रामानुजगंज। अंतरराज्यीय अवैध डीजल तस्करी के मामले में सनावल थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर डीजल लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के अवैध कारोबार में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक यह मामला 22 सितंबर 2025 का है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की सीमा से एक बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में अवैध डीजल प्लास्टिक के जारों में भरकर त्रिशूली-पचावल मार्ग के रास्ते छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सनावल पुलिस ने ग्राम पचावल पुलिया के पास घेराबंदी कर बोलेरो वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन में 18 प्लास्टिक जारों में भरा कुल 540 लीटर डीजल बरामद किया गया।

वाहन में सवार नीरज कुमार और संदीप कुमार, दोनों निवासी सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के अनपरा क्षेत्र से डीजल लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में बेचते थे और इस कारोबार से जुड़े जाफर हुसैन के लिए काम करते थे। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी जाफर हुसैन (23 वर्ष), निवासी बरवाही, थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दूसरे राज्य से कम कीमत पर डीजल मंगवाकर छत्तीसगढ़ में अधिक दाम पर बेचता था। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।