मवेशी तस्करी मामले का फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी मामले में फरार आरोपी राजू कुरैशी को झारखंड के गुमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

मवेशी तस्करी मामले का फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज। शंकरगढ़ थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर पिकअप वाहन में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरकर ले जाने और उनके साथ क्रूरता करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 28 फरवरी 2025 का है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के टाटा पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को राजपुर की ओर से झारखंड के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी वाहन को जमड़ी के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 7 बैल और 3 गाय सहित कुल 10 मवेशी बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। सभी मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर वाहन जब्त कर लिया गया।

मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी राजू कुरैशी (35 वर्ष), निवासी कुरैशी मोहल्ला, बाजारटांड़, गुमला (झारखंड) की तलाश जारी रखी। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को रांची-गुमला क्षेत्र से हिरासत में लेकर 4 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी पशु तस्करी और अवैध परिवहन के एक अन्य मामले में आरोपी रह चुका है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।