दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत: पति और ससुर गिरफ्तार, सिमगा से दबोचे गए 2 साल से फरार आरोपी

दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत: पति और ससुर गिरफ्तार, सिमगा से दबोचे गए 2 साल से फरार आरोपी

दुर्ग। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति और ससुर शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को थाना नंदिनी नगर क्षेत्र के ग्राम सहगांव में एक नवविवाहिता ने कथित रूप से दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के बाद थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 80(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी युवराज पटेल और ओम प्रकाश पटेल सिमगा क्षेत्र में छिपकर रह रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा नवविवाहिता को लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में 29 वर्षीय युवराज पटेल और 58 वर्षीय ओम प्रकाश पटेल, दोनों निवासी ग्राम सहगांव, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।