ढाई साल की यादें साथ लेकर जगदलपुर रवाना हुए ASP सुखनंदन राठौर, भावुक विदाई में बोले- "अलविदा दुर्ग, अलविदा भिलाई"

दुर्ग। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के जगदलपुर तबादले पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर साथियों ने उनका सम्मान कर उनके कार्यकाल की सराहना की।
विदाई समारोह में एएसपी सुखनंदन राठौर ने कहा कि मार्च 2024 में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दुर्ग के रूप में शुरू हुआ उनका प्रशासनिक सफर सुनहरी यादों के साथ समाप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापना होने के बाद वे दुर्ग शहर के प्रभार से मुक्त हो रहे हैं।

राठौर ने कहा कि अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्हें जिले की जनता, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, समाजसेवियों, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों, अधिकारियों, कर्मचारियों, मित्रों और शुभचिंतकों से भरपूर स्नेह और सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानांतरण के बाद भी उन्हें दुर्गवासियों का स्नेह मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने दुर्ग चंडी माई और सेक्टर-9 स्थित हनुमान जी का स्मरण करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की।
भावुक अंदाज में राठौर ने कहा कि दुर्ग और भिलाई की मधुर स्मृतियां उनके मन-मस्तिष्क में हमेशा जीवित रहेंगी और उन्हें आजीवन आनंदित करती रहेंगी।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "अलविदा दुर्ग, अलविदा भिलाई।"
