धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा रहा था युवक, सुपेला पुलिस ने किया गिरफ्तार

धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा रहा था युवक, सुपेला पुलिस ने किया गिरफ्तार

भिलाई। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड के पास गौठान के सामने स्थित कोसानगर क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर उसे लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश सोना (27 वर्ष) निवासी अटल आवास, कोसानगर, ज्योतिबा फुले स्कूल के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया।

सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 916/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।