रेलवे क्षेत्र में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 2.5 किलो गांजा और 8 हजार रुपये नकद जब्त, आरोपी गिरफ्तार

रेलवे क्षेत्र में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 2.5 किलो गांजा और 8 हजार रुपये नकद जब्त, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मोहन नगर और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने रेलवे क्षेत्र कैलाश नगर में कार्रवाई करते हुए गांजा का परिवहन और बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.506 किलोग्राम गांजा, 50 पुड़िया मादक पदार्थ और बिक्री से प्राप्त 8 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य करीब 1.50 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई रेलवे क्षेत्र मालधक्का स्थित पीडब्ल्यूआई कार्यालय के पास कैलाश नगर में की गई। सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे सफेद थैले से 2.324 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा अलग से रखी एयरटाइट पॉलीथीन में 50 पुड़िया गांजा मिली, जिसका कुल वजन 182 ग्राम पाया गया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अवैध रूप से गांजा बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश साहू (20 वर्ष) निवासी शक्ति नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।