जनदर्शन में गूंजे अवैध कारोबार और अतिक्रमण के मुद्दे
खुर्सीपार में अपराध पर कार्रवाई की मांग, भीषण गर्मी में स्कूल संचालन की शिकायत पर कलेक्टर सख्त

दुर्ग। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बुधवार को लोगों ने अवैध कारोबार, अतिक्रमण, स्कूल संचालन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने 124 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में सबसे प्रमुख मामला खुर्सीपार क्षेत्र से सामने आया, जहां नागरिकों ने देवार मोहल्ला में चिट्टा, गांजा, शराब और कबाड़ जैसे अवैध कारोबारों पर रोक लगाने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट, लूटपाट, अवैध वसूली और धमकी जैसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। साथ ही शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत भी की गई। कलेक्टर ने मामले में एडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं वार्ड क्रमांक 53 न्यू आदर्श नगर के रहवासियों ने एक होटल द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और मुख्य मार्ग को बाधित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। नागरिकों ने बताया कि होटल के सामने अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर पानी डाले जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में चरोदा स्थित मानसरोवर विद्यालय जंजगिरी के खिलाफ भी शिकायत पहुंची। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद शासन के निर्देशों के विपरीत स्कूल संचालित किया जा रहा है और फीस वसूली के लिए बच्चों एवं अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता से जुड़े अनेक आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कई मामलों में तत्काल अधिकारियों से फोन पर जानकारी लेकर निराकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव भी उपस्थित रहे।
