विश्व पर्यावरण दिवस पर दिशा संस्था का पौधरोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

भिलाई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था "दिशा" द्वारा हुडको क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भीषण गर्मी और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच आयोजित इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में संस्था के रामानुजन राजू, राजेश धारकर, जवाहर, शांतनु दासगुप्ता, देबाशीष मजूमदार, जी.एस. संधू, मोहन गिरी, दुष्यंत तिवारी, उत्तम डे और के.सी. राव सहित अन्य आगंतुकों ने भी सहभागिता निभाई और पौधे लगाए। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भिलाई के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।
