दुर्ग-भिलाई में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ा, एक दिन में 5 नए मरीज,22 हुई संक्रमितों की संख्या

10 एक्टिव केस; 7 अस्पताल में भर्ती, 3 होम आइसोलेशन में

दुर्ग-भिलाई में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ा, एक दिन में 5 नए मरीज,22 हुई संक्रमितों की संख्या

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की 3 सितंबर की रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में स्वाइन फ्लू के 5 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही 5 अगस्त से अब तक जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

नए सामने आए मामलों में 2 मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वर्तमान में जिले में 10 एक्टिव केस हैं। इनमें 7 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं और 3 मरीज घर पर रहकर चिकित्सकीय निगरानी में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है।

23 आइसोलेशन वार्ड, 158 बेड रिजर्व

लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में तैयारियां बढ़ा दी हैं। जिले में 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं, जिनमें कुल 158 बेड आरक्षित रखे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाटन, निकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बटरेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए आइसोलेशन वार्डों का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग

नए पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी निगरानी की जा रही है। मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि संक्रमण की स्थिति पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

सर्दी-खांसी और बुखार को नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक H1N1 एक श्वसन तंत्र से जुड़ा संक्रमण है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, सर्दी, खांसी और बदन दर्द शामिल हैं। लक्षण दिखाई देने पर लोगों को सतर्क रहने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

विभाग ने लोगों से खांसते और छींकते समय मुंह-नाक को रुमाल, टिश्यू या कोहनी से ढकने, हाथों को साबुन-पानी से बार-बार धोने और आंख, नाक व मुंह को बार-बार छूने से बचने की सलाह दी है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचने और उचित दूरी बनाए रखने की अपील भी की गई है।

स्वास्थ्य विभाग की नजर, बढ़ाई निगरानी

एक दिन में 5 नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में निगरानी और संपर्क जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी एक्टिव मरीजों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मरीज की स्थिति के अनुसार अस्पताल में भर्ती कराने या होम आइसोलेशन में रखने का निर्णय लिया जा रहा है।