PVR के खाने में कॉकरोच! खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप
सूर्या मॉल के मल्टीप्लेक्स में शिकायत के बाद जांच, मेयोनीज और सॉस के सैंपल लिए; फ्रोजन समोसे की लेबलिंग भी अधूरी मिली


भिलाई। सूर्या मॉल स्थित पीवीआर मल्टीप्लेक्स में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। खाने के डिस्प्ले एरिया में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को पीवीआर में जांच की। जांच के दौरान फूड प्रिपरेशन एरिया में भी कॉकरोच पाए गए।
अभिहित अधिकारी जितेंद्र नेले के नेतृत्व में पहुंची खाद्य विभाग की टीम ने पीवीआर के किचन और खाद्य सामग्री की बारीकी से जांच की। टीम ने मौके से मेयोनीज, इमली सॉस, टमाटर सॉस सहित अन्य सॉस के सैंपल लिए। इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फ्रोजन समोसे पर जरूरी जानकारी गायब
जांच के दौरान टीम को फ्रोजन समोसे भी मिले। इन पैकेटों पर फ्रोजन फूड के लिए जरूरी लेबलिंग नहीं पाई गई। खाद्य सामग्री की पैकिंग और लेबलिंग से जुड़े नियमों को लेकर भी विभाग ने पीवीआर प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।
पॉपकॉर्न लाइसेंस में भी मिली कमी
जांच में पॉपकॉर्न की बिक्री से संबंधित लाइसेंस में भी कमी सामने आई। विभाग की कार्रवाई के बाद पीवीआर प्रबंधन ने संबंधित कमी को सुधार लिया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की भी जांच की।
शिकायत से शुरू हुई कार्रवाई
खाद्य विभाग को पीवीआर में खाने के डिस्प्ले एरिया में कॉकरोच मिलने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान फूड प्रिपरेशन एरिया में कॉकरोच मिलने से साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
अभिहित अधिकारी जितेंद्र नेले ने बताया कि जांच के दौरान फूड प्रिपरेशन एरिया में कॉकरोच पाए गए हैं। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। सैंपलों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
