गूगल आईडी से ट्रेस कर रहा था चोरी का मोबाइल, कुम्हारी टोल पर पुलिस ने वाहन रोककर बरामद किया

वाहन चेकिंग के दौरान आम नागरिक ने दी सूचना, CG 04 QL 3497 में सवार तीन युवकों से मिला चोरी का मोबाइल; मामला कुम्हारी थाने को सौंपा

गूगल आईडी से ट्रेस कर रहा था चोरी का मोबाइल, कुम्हारी टोल पर पुलिस ने वाहन रोककर बरामद किया

भिलाई। कुम्हारी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी का मोबाइल बरामद किया। मोबाइल चोरी होने के बाद उसका मालिक गूगल आईडी के माध्यम से फोन की लोकेशन ट्रेस कर रहा था। इसी दौरान संदिग्ध वाहन के कुम्हारी टोल प्लाजा पहुंचने पर उसने यातायात पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्काल वाहन रोककर जांच की तो उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हो गया।

घटना 3 अगस्त की रात करीब 8 बजे की है। कुम्हारी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक नागरिक ने चेकिंग अधिकारी को बताया कि उसका मोबाइल चोरी हो गया है और चोरी के बाद तीन युवक वाहन क्रमांक CG 04 QL 3497 से जा रहे हैं। मोबाइल को गूगल आईडी के माध्यम से ट्रेस करते हुए संबंधित नागरिक वाहन का पीछा कर रहा था। जैसे ही वाहन कुम्हारी टोल प्लाजा पहुंचा, उसने तत्काल यातायात पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक निर्दोष एक्का और हमराह स्टाफ ने वाहन को रोककर जांच की। वाहन में तीन युवक सवार थे। तलाशी के दौरान चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

तीनों युवकों को थाने के सुपुर्द किया

यातायात पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और संबंधित वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कुम्हारी के सुपुर्द कर दिया है। वाहन में सवार तीनों युवकों की पहचान और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई थाना कुम्हारी पुलिस द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में मोबाइल की तकनीकी ट्रेसिंग से मिली जानकारी और टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस की तत्परता महत्वपूर्ण रही। समय पर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया।