पुराने पैसों की वसूली के विवाद में युवक की मौत, छठा आरोपी भी गिरफ्तार

होटल 36 इन में हुई थी मारपीट, उपचार के दौरान ऋषि निर्मलकर ने तोड़ा दम; पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुराने पैसों की वसूली के विवाद में युवक की मौत, छठा आरोपी भी गिरफ्तार
रवि शर्मा, उम्र 43 वर्ष, निवासी खण्डेलवाल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 37, दुर्ग

दुर्ग। पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रवि शर्मा (43) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।

पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी 2026 को इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन में पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। गंभीर चोट लगने के बाद ऋषि का उपचार कराया जा रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 25 जनवरी को थाना सुपेला से प्राप्त मर्ग डायरी के आधार पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट, मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान और अस्पताल की डेथ समरी के आधार पर मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

विवेचना के पहले चरण में पुलिस ने प्रशांत राव और लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 2 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर काके उर्फ हरविंदर सिंह, मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर और अंकित झा को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन से पुलिस को अन्य आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने रवि शर्मा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

छह आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत राव (26), लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18), काके उर्फ हरविंदर सिंह (20), मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19), अंकित झा (22) और रवि शर्मा (43) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद के दौरान मृतक के साथ हुई मारपीट में शामिल थे। पुलिस ने अब तक मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में साक्ष्यों का संकलन और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

आरोपी का नाम

1. प्रशांत राव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ओम नगर उरला, दुर्ग। (पूर्व गिरफ्तार)
2. लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे, उम्र 18 वर्ष 04 माह, निवासी जयंती नगर, दुर्ग। (पूर्व गिरफ्तार)
3. काके उर्फ हरविंदर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, दुर्ग।(पूर्व गिरफ्तार)
4. मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर, उम्र 19 वर्ष, निवासी गुरूनानक नगर, दुर्ग।(पूर्व गिरफ्तार)
5. अंकित झा, उम्र 22 वर्ष, निवासी बेलूर हाउसिंग, हावड़ा (प.ब.), हाल मुकाम दीपक नगर, दुर्ग।(पूर्व गिरफ्तार)
6. रवि शर्मा, उम्र 43 वर्ष, निवासी खण्डेलवाल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 37, दुर्ग।