32 बंगला में तीन युवकों के पास मिले अवैध हथियार, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद
रेलवे लाइन के कच्चे रास्ते में पुलिस की घेराबंदी, लाइसेंस नहीं दिखा सके आरोपी; तीनों न्यायिक रिमांड पर


भिलाई। 32 बंगला चौक के पास रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में अवैध हथियार लेकर घूम रहे तीन युवकों को भिलाईनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और दो पिस्टल कारतूस बरामद किए हैं। जब्त हथियार और कारतूस की अनुमानित कीमत करीब 2.01 लाख रुपए बताई गई है। तीनों आरोपियों को आयुध अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 32 बंगला चौक के पास रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में तीन संदिग्ध युवक अवैध पिस्टल और कारतूस लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही भिलाईनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सूरज ताण्डी (29), निवासी 32 बंगला उड़िया बस्ती, दीपक दास उर्फ सिब्बु (26), निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती और महेश ताण्डी (23), निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो सूरज ताण्डी के कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुई। वहीं दीपक दास और महेश ताण्डी के पास से एक-एक पिस्टल कारतूस मिला। हथियार और कारतूस रखने के संबंध में पुलिस ने आरोपियों से वैध लाइसेंस और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हथियार कहां से आए, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब बरामद पिस्टल और कारतूस के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इस संबंध में भी पूछताछ और जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले के अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।
2.01 लाख का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में एक पिस्टल की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए और दो पिस्टल कारतूस की कीमत करीब 1 हजार रुपए आंकी है। कुल जब्ती करीब 2.01 लाख रुपए की है।
