BSP में स्क्रैप चोरी, 100 किलो कॉपर केबल लेकर भाग रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

प्लांट के अंदर घुसे, केबल कार में लोड की और बाहर निकलने की फिराक में थे; CISF ने पकड़ा, पुलिस ने माल समेत 4 मोबाइल किए जब्त

BSP में स्क्रैप चोरी, 100 किलो कॉपर केबल लेकर भाग रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के अंदर घुसकर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने का प्रयास करने वाले गिरोह का भिलाई भट्ठी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, और घटना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ व्यक्ति भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी कर रहे थे। आरोपियों ने करीब 100 किलो केबल को कार में लोड कर लिया था और उसे प्लांट से बाहर ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान CISF की टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

मामले की सूचना मिलते ही भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने हरीश बाग, दीपक ठाकुर, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर BSP परिसर से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी कर उसे कार में लोड किया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 किलो कॉपर केबल और चार मोबाइल फोन बरामद किए। पांचों आरोपियों को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अन्य आरोपी अभी फरार

पुलिस के अनुसार इस मामले में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस चोरी में इस्तेमाल वाहन और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

हरीश बाग, 24 वर्ष, स्टेशन मरोदा

दीपक ठाकुर, 24 वर्ष, स्टेशन मरोदा

प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, 25 वर्ष, स्टेशन मरोदा

अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा, 20 वर्ष, रिसाली

प्रीतम कुमार उर्फ पंचू, 31 वर्ष, स्टेशन मरोदा

जब्ती

100 किलो स्क्रैप कॉपर केबल: ₹50,000

4 मोबाइल फोन: ₹30,000

कुल जब्ती: ₹80,000