YouTube पर सट्टा नंबरों की भविष्यवाणी, पुलिस ने चैनल चलाने वाले को दबोचा

ANSHU MATKA चैनल से सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार, दो मोबाइल जब्त; डुमरडीह बस स्टैंड से रवि चेलक गिरफ्तार

YouTube पर सट्टा नंबरों की भविष्यवाणी, पुलिस ने चैनल चलाने वाले को दबोचा

भिलाई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म YouTube को सट्टा-मटका के प्रचार का जरिया बनाने वाले युवक को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि चेलक (29) डुमरडीह बस स्टैंड क्षेत्र में YouTube पर ANSHU MATKA नामक चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड और प्रसारित कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन और सट्टा गतिविधियों से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए YouTube पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो तैयार कर प्रसारित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि चेलक, निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह बताया। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से दो Vivo Android मोबाइल फोन मिले।

मोबाइल खंगाला तो सामने आया सट्टे का नेटवर्क

पुलिस ने मोबाइल फोन चालू कर YouTube की जांच की तो ANSHU MATKA नामक चैनल पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से संबंधित वीडियो अपलोड और प्रसारित करना पाया गया। इनमें राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी सहित सट्टा-मटका के विभिन्न अंकों से संबंधित सामग्री शामिल थी।

पुलिस ने मोबाइल फोन में मिली डिजिटल सामग्री और सट्टा गतिविधियों से जुड़े विवरण को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 06(क), 07(1) और 11 के तहत मामला दर्ज किया गया।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पुलिस की नजर

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि YouTube चैनल के जरिए सट्टा गतिविधियों से जुड़े उसके और कौन-कौन से संपर्क थे और इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग किस तरह जुड़े हुए हैं।