भिलाई नेहरू नगर चौक पर चाकूबाजी, इलाज के दौरान युवक की मौत
चिचोला जाने बस का इंतजार कर रहा था शिव कुमार, स्कूटी सवार युवकों से हुआ विवाद; जांघ में चाकू लगने से गंभीर घायल, सुबह अस्पताल में तोड़ा दम


भिलाई। नेहरू नगर चौक पर रविवार रात करीब 11:30 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह पिता अवधेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी स्कूटी सवार युवक मौके से फरार हो गए। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लिफ्ट लेने के दौरान हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। बताया गया कि वह चिचोला जाने के लिए ट्रक से लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। ट्रक के नहीं रुकने पर उसने पास से गुजर रही स्कूटी को रुकवाया। स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर शिव कुमार और स्कूटी सवारों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के सामने की तरफ वार कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अंडरब्रिज की तरफ भागे आरोपी
वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर भाग निकले। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दो स्कूटी पर चार युवक और एक युवती के सवार होने की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के समय शिव कुमार के साथ मौजूद दूसरा युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
हाईटेक से शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर, सुबह मौत
चाकू लगने के बाद शिव कुमार सिंह को पुलिस उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां उपचार के दौरान सुबह शिव कुमार की मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना के बाद सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मृतक की पहचान
शिव कुमार सिंह, उम्र 26 वर्ष
पिता: अवधेश सिंह
निवासी: 151-D, सुभाष चौक, कैंप-1, भिलाई
व्यवसाय: चिचोला में दुकान संचालन
